पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री के वर्चुअल वक्तव्य का हुआ आयोजन
Junaid Khan - शहडोल। 27 अगस्त 2026 माय भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय में खेल एवं युवा गतिविधियों से जुड़े प्रतिभागियों के लिए ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों एवं युवाओं ने प्रधानमंत्री के वर्चुअल वक्तव्य को ध्यानपूर्वक सुना। इसके पश्चात खेल एवं युवा गतिविधियों को लेकर संवाद किया गया तथा युवाओं ने नशामुक्ति की शपथ लेकर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में खेल जगत से जुड़े सत्यांश तिवारी एवं लक्ष्मी साईं ने युवाओं से प्रेरणादायी संवाद किया। सत्यांश तिवारी राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। वहीं लक्ष्मी साईं मिनी ब्राजील की खिलाड़ी हैं तथा जर्मनी में भी अपने खेल का प्रदर्शन कर चुकी हैं। दोनों खिलाड़ियों ने खेल, अनुशासन, फिटनेस और नशे से दूर रहने के संबंध में अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. रामशंकर, कुलसचिव डॉ. आशीष तिवारी सहित विश्वविद्यालय के गुरुजन, स्पोर्ट्स विभाग से जुड़े अधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एपीएस मनीष चौहान ने किया, जबकि प्राप्ति सोनी ने एंकर एवं मॉडरेटर की भूमिका निभाई। माय भारत के इन्फ्लुएंसर्स अर्श खान, मानवस यादव, ऋषि प्रिया यादव एवं अनुष्का मारी यादव ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

