पारिवारिक विवाद में पुलिस की त्वरित कार्रवाई,पीड़ित परिवार को मिला तत्काल न्याय और चिकित्सीय सहायता

डायल 112 की सजगता से बिगड़ने से बचा मामला,पुलिस प्रशासन और स्थानीय नागरिकों की मुस्तैदी की सर्वत्र सराहना


Junaid Khan - शहडोल। नगर के इतवारी मोहल्ला (वार्ड क्रमांक 10) स्थित हनुमान वस्त्रालय क्षेत्र में बीते बुधवार को एक दर्दनाक पारिवारिक विवाद और मारपीट की घटना सामने आई, जिसमें पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्यशैली और स्थानीय नागरिकों की सजगता से मामला समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की 'डायल 112' टीम ने जिस तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय दिया, उसकी पूरे क्षेत्र में भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। पुलिस बल ने न केवल मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला, बल्कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अत्यधिक खून बहने से पीड़ित युवा को बिना समय गंवाए तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाकर उसका समुचित उपचार कराया। मिली जानकारी के अनुसार, कपड़ा व्यवसायी महिला खुशी मंगलानी का अपने पुत्र जतिन मंगलानी के साथ व्यापारिक सामग्री (रूमाल वितरण) को लेकर मतभेद उत्पन्न हो गया था। विवाद के उपरांत जब जतिन अपने साथी धनवीर उर्फ गिल्ली श्रीवास के साथ पुनः दुकान पर पहुँचा, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुँच गई। इस दौरान दूसरे पुत्र यश मंगलानी पर कड़े से हमला किए जाने के कारण उसके सिर पर चोट आई। घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार की ओर से 112 नंबर पर संपर्क किया गया। पुलिस की रिस्पॉन्स टीम ने अपनी तत्परता का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए मिनटों में घटनास्थल पर पहुँचकर माहौल को शांत कराया और घायलों को चिकित्सीय मदद उपलब्ध कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित वैधानिक कदम उठाए। पुलिस ने पीड़िता खुशी मंगलानी की लिखित शिकायत व बयान के आधार पर आरोपी जतिन मंगलानी एवं धनवीर उर्फ गिल्ली श्रीवास के विरुद्ध बीएनएस (BNS) 2023 की धारा 296(b), 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की विवेचना प्रधान आरक्षक लक्ष्मी प्रसाद पटेल द्वारा की जा रही है। स्थानीय निवासियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल द्वारा दिखाई गई इस मुस्तैदी, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण की मुक्त कंठ से सराहना की है।

Previous Post Next Post