खजुराहो में पत्रकारों की बुलंद आवाज,संगठन की नई हुंकार

पत्रकार हित, सुरक्षा और अधिकारों के लिए एकजुटता का संकल्प 

भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ से संबद्ध मध्य भारत वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन का भव्य सम्मेलन संपन्न



Junaid Khan - शहडोल। खजुराहो भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ, नई दिल्ली से संबद्ध मध्य भारत वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में खजुराहो के होटल झंकार में भव्य एवं गरिमामय पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया गया। प्रदेशभर से पहुंचे पत्रकारों और संगठन के पदाधिकारियों ने सम्मेलन में पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा, सम्मान, सामाजिक एवं आर्थिक हितों तथा बदलते दौर में पत्रकारिता के सामने खड़ी चुनौतियों पर गंभीर मंथन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश भार्गव के मार्गदर्शन एवं सहभागिता में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता मध्य भारत वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र गौतम ने की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती नंदिता पाठक रहीं। इस अवसर पर आईसायना के प्रांताध्यक्ष अभय जैन, आई.एफ.डब्लू.जे. रामबिलास शर्मा नेशनल काउंसलर, राहुल सिंह राणा संगठन प्रभारी मध्यप्रदेश, संजय द्विवेदी बांदा, राम लखन गुप्ता रीवा, गिरजा शंकर राय झांसी, अभय पाठक भोपाल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं पत्रकार प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र चतुर्वेदी एवं उनकी टीम द्वारा किया गया।

पत्रकारों के अधिकारों की लड़ाई अंतिम सांस तक जारी रहेगी-भार्गव 

सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश भार्गव ने पत्रकार हितों की लड़ाई को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पत्रकारों को अपने अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि वे वर्षों से संगठन के माध्यम से पत्रकारों के हितों की आवाज उठाते रहे हैं और जब तक जीवन है, पत्रकारों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की पेंशन और मेडिकल इंश्योरेंस जैसे मुद्दों को लेकर संगठन ने लगातार आवाज उठाई और इन मांगों को पूरा कराने में सफलता मिली। अब पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक संगठन अपनी लड़ाई पूरी ताकत से जारी रखेगा।

संगठन की मजबूती ही पत्रकारों की ताकत-उपेंद्र गौतम 

प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र गौतम ने कहा कि भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ की मध्यप्रदेश इकाई मध्य भारत वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन पत्रकारों के हितों एवं अधिकारों के लिए निरंतर सक्रिय है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ पत्रकारों की आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने प्रदेश के पत्रकारों से संगठन को मजबूत बनाने तथा स्थानीय स्तर पर पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को संगठित होकर उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।

निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार-पाठक 

मुख्य अतिथि श्रीमती नंदिता पाठक ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं और उनके हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल की आवश्यकता पर जोर दिया।

पत्रकार सुरक्षा से लेकर नई तकनीक तक हुआ व्यापक मंथन 

सम्मेलन में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, सामाजिक एवं आर्थिक हित, कार्यस्थल की समस्याएं, पत्रकारों को उपलब्ध सुविधाएं, बदलती तकनीक, डिजिटल पत्रकारिता और वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने उत्पन्न नई चुनौतियों सहित संगठन की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पत्रकारों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और सुझाव संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं अतिथियों के समक्ष रखे। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रदेशभर के पत्रकारों की रही उल्लेखनीय सहभागिता 

सम्मेलन में राम गोपाल बंसल, प्रदेश महासचिव; रामबिलास शर्मा, नेशनल काउंसलर; राहुल सिंह राणा, संगठन प्रभारी मध्यप्रदेश; संजय द्विवेदी, बांदा; राम लखन गुप्ता, रीवा; गिरजा शंकर राय, झांसी; अभय पाठक, भोपाल; नीरज धर्मवीर पचौरी, ब्लॉक अध्यक्ष पोरसा; शैलेन्द्र तिवारी, जिलाध्यक्ष शहडोल जिला इकाई; गणेश केवट, उपाध्यक्ष संभागीय इकाई शहडोल; जितेंद्र विश्वकर्मा, सचिव संभागीय इकाई शहडोल; अजय केवट, ब्लॉक अध्यक्ष शहडोल-सोहागपुर इकाई सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकार एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय समाजसेवी एवं राजनेताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं प्रदेशभर से पहुंचे पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया गया

खजुराहो का यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पत्रकारों की एकजुटता, संगठनात्मक शक्ति और अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मंच बनकर सामने आया। सम्मेलन ने स्पष्ट संदेश दिया कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन अब और अधिक मजबूती के साथ अपनी आवाज बुलंद करेगा।

वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

सम्मेलन के समापन अवसर पर रतलाम के वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी जी के निधन पर उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों ने दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पत्रकारिता जगत में उनके योगदान को याद करते हुए उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया। उपस्थित सभी पत्रकारों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। कार्यक्रम का समापन पत्रकार एकता, संगठन की मजबूती और पत्रकार हितों के लिए निरंतर संघर्ष के संकल्प के साथ हुआ।

Previous Post Next Post