उत्तराखंड और सिंगरौली से आए उलेमाओं का हुआ इस्तकबाल, पैगाम-ए-रज़ा कमेटी की मुस्तैदी और स्थानीय प्रशासन के चुस्त-दुरुस्त इंतजामात से शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ आयोजन
Junaid Khan - शहडोल। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुकद्दस व मुबारक मौके पर गढ़ी मैदान, सोहागपुर (वार्ड नंबर 04) में अकीदत और एहतराम के साथ विशाल अजीमुश्शान नातिया प्रोग्राम का बाअदब ऐहतमाम किया गया। 23 अगस्त 2026, दिन रविवार की रात 9 बजे से शुरू हुआ यह रूहानी जलसा देर रात तक अकीदतमंदों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम में बाहर से आए खुसूसी मेहमानों और स्थानीय धर्मगुरुओं ने नबी की शान में नातिया कलाम पेश कर पूरे सोहागपुर को रूहानी माहौल से सराबोर कर दिया। मंच की रौनक बढ़ाते हुए उत्तराखंड के नैनीताल से तशरीफ लाए बुलबुले बागे मदीना व शायरे इस्लाम जनाब हज़रत फैसल रज़ा साकिबी साहब ने अपनी सुरीली और तासीर भरी आवाज में नातिया अशआर पेश किए, जिस पर समूचा पंडाल सुभानल्लाह के नारों से गूंज उठा। वहीं देवसर (सिंगरौली) से पधारे नकीबे अहले सुन्नत हज़रत कारी तौफीक रज़ा खलीकी ने अपने ओजस्वी और लच्छेदार अंदाज से समां बांध दिया। जलसे में बतौर मुकर्रिर मस्जिद रहमानिया सोहागपुर के इमाम हज़रत अल्लामा मौलाना मुकातीर रज़ा साहब और नायब इमाम मोहम्मद अली ने पैगंबर-ए-इस्लाम के बताए अमन, भाइचारे और इंसानियत के रास्ते पर चलने की ताकीद की। इस दौरान हाफिज जाहिद हुसैन अशरफी, जामा मस्जिद शहडोल के इमाम हाफिज आरिफ और हाफिज जियाउल हसन साहब की मुकद्दस मौजूदगी ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की। इस रूहानी आयोजन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने में आयोजक पैगाम-ए-रज़ा कमेटी' के पदाधिकारियों की निष्ठा और मेहनत सराहनीय रही। अध्यक्ष जनाब मोहम्मद शेख आबिद, उपाध्यक्ष जनाब सलीम खान (लल्लू) व हैदर अली, कार्यवाहक अध्यक्ष जनाब सकील खान (छब्बू), सचिव जनाब चांद खान नियाज़ी व अब्दुल अहद खान, सहसचिव जनाब मोहम्मद इमरान खान (इतवारी मोहल्ला),व्यवस्थापक मो. महमूद खान (मोनू), सहव्यवस्थापक मो. अलीम खान व रहीस अली समेत सक्रिय सदस्य राशिद खान, समीर खान, अजहर अली, साबिर खान, समीम खान, अनवर खान, प्रो. अकरम खान, सनी, मुश्ताक खान, आयान अली, अर्श अली, राजिम खान, फैज अली, शालू, आजाद खान, मंजू खान, अतीक खान और समद भाई ने दिन-रात एक कर दी। इस भव्य आयोजन के दौरान सोहागपुर की आवाम ने जिस अनुशासित, तहजीबयाफ्ता और मुस्तैद रवैये का परिचय दिया, उसकी चौतरफा सराहना की जा रही है। अकीदतमंदों की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन, प्रशासनिक अधिकारियों और राज्य सरकार के संबंधित विभागों का सहयोग बेहद अनुकरणीय रहा। कानून-व्यवस्था की दुरुस्त स्थिति और मुस्तैद सुरक्षा व्यवस्था के बल पर यह आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों की सजगता और आयोजन समिति के आपसी तालमेल की बदौलत गढ़ी मैदान में मौजूद हजारों की आवाम ने बेहद आराम और सहूलियत के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। पैगाम-ए-रज़ा कमेटी (वार्ड नं. 04, सोहागपुर, जिला शहडोल) ने कार्यक्रम में पधारे सभी खास-ओ-आम हाजिरीन,अजीज-ओ-अकारिब, जनप्रतिनिधियों और मुस्तैद प्रशासन का तहेदिल से शुक्रिया और आभार व्यक्त किया है।
