एक किलोमीटर लंबी तिरंगा रैली में गूंजे देशभक्ति के नारे

कलेक्टर के नेतृत्व में स्टेडियम से जयस्तंभ चौक तक निकली भव्य तिरंगा रैली


Junaid Khan - शहडोल। 13 अगस्त 2026 हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज शहडोल नगर राष्ट्रभक्ति, उत्साह और गौरव की भावना से सराबोर नजर आया। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में महात्मा गांधी स्टेडियम से जयस्तंभ चौक तक लगभग एक किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बड़ी संख्या में शामिल लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम, एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।

तिरंगा रैली के दौरान पूरा मार्ग ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ जैसे देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा। रैली में शामिल जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, पत्रकारों, समाजसेवियों तथा आम नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रैली में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग, नगरपालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई। तिरंगा रैली के माध्यम से जिलेवासियों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। रैली में शामिल लोगों ने पूरे अनुशासन एवं उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी व्यक्त किया।

Previous Post Next Post