बस किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी से यात्री बेहाल,सरकार और आरटीओ की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल,संघ की मनमानी से बढ़ा आक्रोश
Junaid Khan - शहडोल। मध्य प्रदेश में पांच साल के लंबे अंतराल के बाद अचानक यात्री बसों के किराए में 75 पैसे प्रति किलोमीटर की सीधी वृद्धि कर दी गई है, जिससे अब दरें बढ़कर 2 रुपये प्रति किलोमीटर तक पहुँच चुकी हैं। इस फैसले के चलते आम यात्रियों, नौकरीपेशा वर्ग और प्रतिदिन आने-जाने वाले छात्रों की जेब पर 55 से 60 प्रतिशत तक का अतिरिक्त बोझ पड़ गया है। शासन स्तर से स्वीकृत इस फैसले ने जहां बस ऑपरेटरों और बस ओनर एसोसिएशन को राहत दी है, वहीं क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और जिला प्रशासन की ढुलमुल कार्यशैली पर जनता का गुस्सा फूट पड़ा है। जनता का आरोप है कि आरटीओ विभाग और जिम्मेदार अधिकारी बस ऑपरेटरों के संगठनों के दबाव में काम कर रहे हैं और यात्री सुविधाओं पर ध्यान देने के बजाय केवल भाड़ा बढ़ाने को प्राथमिकता दी जा रही है। न्यूनतम किराया भी 7 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया गया है। शहडोल से रीवा, सीधी, ब्यौहारी, गोहपारू, जयसिंहनगर, जैतपुर और डिंडौरी जैसे उन सभी गैर-ट्रेन रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह फैसला किसी बड़े आर्थिक झटके से कम नहीं है, जहां बस ही आवागमन का एकमात्र साधन है। रीवा का किराया जो पहले ₹250 था, वह अब बढ़कर ₹350 होने वाला है, जबकि सीधी के लिए यात्रियों को ₹250 के बजाय ₹350 चुकाने होंगे। बस ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भगवंत प्रसाद गौतम के अनुसार, शासन स्तर से किराए में वृद्धि की गई है और जल्द ही जिले भर में नई दरें प्रभावी कर दी जाएंगी। हालांकि, इस पूरे मामले में जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों की खामोशी से आम नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। संगठनों द्वारा किराए की दरों को मनमाने तरीके से लागू करने की तैयारियों के बीच आरटीओ विभाग का नियंत्रण न होना अधिकारियों की मंशा पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक सुविधाएं दुरुस्त नहीं होतीं और प्रशासन आम जनता के हितों को ध्यान में रखकर बसों का कड़ा निरीक्षण नहीं करता, तब तक इस तरह की एकतरफा किराया वृद्धि जनविरोधी है और प्रशासन को इस पर तुरंत लगाम लगानी चाहिए। किराया वृद्धि का सीधा प्रभाव (संभावित नई दरें) न्यूनतम किराया: ₹7 से बढ़कर ₹10 प्रति किमी दर: ₹1.25 से बढ़कर ₹2.00 प्रति किमी (75 पैसे की वृद्धि) शहडोल से रीवा: ₹250 से बढ़कर लगभग ₹350। शहडोल से सीधी: ₹250 से बढ़कर लगभग ₹350 शहडोल से ब्यौहारी: ₹130 से बढ़कर लगभग ₹200 से ₹250 शहडोल से गोहपारू: ₹30-35 से बढ़कर लगभग ₹50 जयसिंहनगर के लिए: ₹50 से बढ़कर लगभग ₹80-90,,,
