नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी हैदराबाद से गिरफ्तार
Junaid Khan - शहडोल। बिजुरी पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। घटना का संक्षिप्त विवरण दिनांक 07 अप्रैल 2026 को रात्रि के समय एक नाबालिग बालिका अपने घर के बाहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने और रिश्तेदारों से संपर्क करने के बावजूद जब बालिका का कोई पता नहीं चला, तो स्थानीय थाने में गुमशुदगी व अपहरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तुरंत विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से अपहृत बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया। न्यायालय में दर्ज कराए गए कथनों के आधार पर मामले में दुष्कर्म की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी। सराहनीय पुलिस कार्रवाई साइबर सेल से प्राप्त सटीक तकनीकी जानकारियों के आधार पर बिजुरी पुलिस की टीम ने दबिश देकर आरोपी ध्रुव प्रताप सिंह को तेलंगाना के हैदराबाद से धर दबोचा। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस संपूर्ण और संवेदनशील कार्रवाई को सफल बनाने में निरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक विपुल शुक्ला, प्रधान आरक्षक पंकज मिश्रा, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार और आरक्षक विश्वजीत मिश्रा की विशेष और उल्लेखनीय भूमिका रही।
