वतन की पुकार,देशभक्ति, शहीदों का सम्मान और प्रतिभाओं का भव्य संगम

वतन की पुकार,देशभक्ति, शहीदों का सम्मान और प्रतिभाओं का भव्य संगम 



Junaid Khan - शहडोल। देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और शहीदों व वतन के रखवालों के सम्मान के उद्देश्य से जन-गण-मन मिशन,शहडोल के तत्वावधान में 23 अगस्त को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, पाण्डव नगर में “वतन की पुकार” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति गायन एवं नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम में अमर क्रांतिकारी शहीद चंद्रशेखर आजाद जी के प्रपौत्र अमित आजाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद और अन्य क्रांतिकारियों से जुड़ी प्रेरणादायी कहानियां साझा कर बच्चों और युवाओं में देशप्रेम का जज्बा जगाया। जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरहद पर तैनात सैनिकों से लेकर देश के युवाओं तक प्रत्येक नागरिक के कंधों पर देश को सुरक्षित और मजबूत बनाने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित में आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने गायन और नृत्य के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया और शहीदों, सैनिकों तथा राष्ट्रसेवा के विभिन्न पहलुओं के बारे में बहुत कुछ सीखा। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शहीद परिवारों सहित सेना, अर्धसैनिक बल, पुलिस, स्वास्थ्य, आपदा सेवा और समाजसेवा से जुड़े वतन के रखवालों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, मीडिया प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। वतन की पुकार” ने शहडोल में देशभक्ति, प्रतिभा और राष्ट्रसेवा का संदेश देते हुए नई पीढ़ी को शहीदों के बलिदान और अपनी जिम्मेदारियों से परिचित कराया।

Previous Post Next Post