उल्लास एक अभिनव प्रयोग के अंतर्गत मेगा हेल्थ कैंप एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित

उल्लास एक अभिनव प्रयोग के अंतर्गत मेगा हेल्थ कैंप एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित



Junaid Khan - शहडोल। 26 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शहडोल श्री काशीनाथ सिंह जी के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शहडोल द्वारा “उल्लास – एक अभिनव प्रयोग” के अंतर्गत जिला एवं सत्र न्यायालय, शहडोल के नवीन न्यायालय भवन स्थित डी-स्ट्रेस हॉल, तृतीय तल में मेगा हेल्थ कैंप एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। मेगा हेल्थ कैंप। मेगा हेल्थ कैंप में न्यायिक अधिकारियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं उनके परिवारजनों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में AYUSH चिकित्सकों के साथ होम्योपैथिक चिकित्सक, स्त्री रोग विशेषज्ञ, मनोचिकित्सक एवं MD मेडिसिन विशेषज्ञ उपस्थित रहे तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया। चिकित्सकों द्वारा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, स्वस्थ जीवनशैली, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा आयुष चिकित्सा पद्धति के महत्व के संबंध में भी जानकारी दी गई। उल्लास के अंतर्गत पुरस्कार वितरण। इसी अवसर पर “उल्लास – एक अभिनव प्रयोग” के अंतर्गत आयोजित विभिन्न खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत शतरंज, चित्रकला, नृत्य, गायन, मिमिक्री, 100 मीटर दौड़, जलेबी दौड़, संगीत कुर्सी, रस्साकशी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, डम शराड्स, क्विज, स्पून रेस एवं वाद्य संगीत सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया था, जिनमें न्यायिक अधिकारियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों तथा बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायिक परिवार के सदस्यों में स्वास्थ्य-जागरूकता, मानसिक प्रसन्नता, रचनात्मकता, आपसी सौहार्द एवं सकारात्मक कार्य वातावरण को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी अत्याचार अधिनियम) श्रीमती दीपाली शर्मा, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय श्री शशि भूषण शर्मा, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राकेश सिंह बघेल, प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कमलेश कोल, द्वितीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कृष्ण पाल सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मनीष कुमार पारीक, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री राजेंद्र सिंह सिंगार, जिला रजिस्ट्रार/वरिष्ठ न्यायाधीश श्री सीता शरण यादव, न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती स्वेता परते तिवारी, न्यायाधीश श्रीमती प्रीति सिंह बघेल, न्यायाधीश श्रीमती नूतन रावत, न्यायाधीश श्री अरविंद मीणा, न्यायाधीश श्रीमती अभिसारिका महुने, न्यायाधीश सुश्री मीमांसा दुबे, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री देवेंद्र परस्ते, कर्मचारीगण, अधिवक्तागण, जिला अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्टाफ की टीम, श्रीराम अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्टाफ की टीम, आयुष विभाग के चिकित्सकों एवं स्टाफ की टीम तथा सभी के परिवारजन उपस्थित रहे। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शहडोल श्री काशीनाथ सिंह जी के मार्गदर्शन में “ULLAS” कार्यक्रम को न्यायालयीन परिवार के लिए स्वास्थ्य, आनंद एवं सहभागिता से जोड़ने वाली एक अभिनव पहल के रूप में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

Previous Post Next Post