कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च एवं सत्याग्रह

हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली स्थल के कथित “शुद्धिकरण” के विरोध में जताया आक्रोश


Junaid Khan - शहडोल। हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली स्थल पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद कथित रूप से किए गए “शुद्धिकरण” अनुष्ठान के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा विरोध मार्च एवं सत्याग्रह आयोजित किया गया।जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक से न्यू गांधी चौक तक विरोध सत्याग्रह मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समानता, संविधान की गरिमा और सामाजिक न्याय के समर्थन में नारे लगाए तथा कथित भेदभावपूर्ण कृत्य के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि हल्द्वानी की घटना संवैधानिक गरिमा और सामाजिक समानता पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच का “शुद्धिकरण” किया जाना अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है। यह केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि भारत के संविधान की मूल भावना, सामाजिक न्याय और समानता के अधिकारों का भी अपमान है। उन्हों ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का दशकों लंबा सार्वजनिक जीवन, संघर्ष और संविधान के प्रति उनकी निष्ठा पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है।ऐसे जननेता के साथ इस प्रकार का व्यवहार यह दर्शाता है कि समाज में जातिगत भेदभाव और छुआछूत की मानसिकता के विरुद्ध अभी भी मजबूती से संघर्ष करने की आवश्यकता है। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक समानता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रहेगी। किसी भी व्यक्ति के साथ जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभाव को स्वीकार नहीं किया जाएगा। 

कांग्रेस की प्रमुख मांगें। 

कांग्रेस ने मांग की कि मंच का कथित “शुद्धिकरण” करने वाले लोगों की तत्काल पहचान कर घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोष सिद्ध होने पर संबंधित कानूनों के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही दोषियों के विरुद्ध SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की लागू धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति संविधान की मूल भावना और सामाजिक समानता के मूल्यों को ठेस पहुंचाने का दुस्साहस न कर सके।

विरोध मार्च एवं सत्याग्रह में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, ब्लॉक एवं मंडल पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post