खनिज का अवैध परिवहन करने वाले बिना नम्बर के वाहन एवं गलत वाहन नंबर डालकर परिवहन में संलग्न वाहनों पर कार्यवाही के दिए निर्देश
Junaid Khan - शहडोल। 31 अगस्त 2026- जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, संधारण एवं परिवहन पर रोक लगाने हेतु संयुक्त कार्यवाही के निर्देश कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने खनिज विभाग की जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन राजस्व विभाग पुलिस एवं वन विभाग मिलकर संयुक्त कार्यवाही करें तथा सूचना तंत्र को मजबूत बनाएं। साथ ही जिन क्षेत्रों में खनिज का अवैधन परिवहन किया जाता है। उन क्षेत्रों में नियमित पेट्रोंलिग की जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल, डीएफओ तरूणा वर्मा तथा श्रद्धा पेंन्द्रे, एसडीएम जयसिंहनगर सुश्री काजोल सिंह, एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग, एसडीएम ब्योहारी सुश्री अर्चना मिश्रा, एसडीएम जैतपुर श्री दीपक मंडावी, जिला परिवहन अधिकारी श्री पाल, जिला खनिज अधिकारी राहुल शान्डिल्य तथा पर्यावरण विभाग से श्री पटेल उपस्थित रहे। कलेक्टर ने कहा कि रेत एवं कोयले के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के लिए चिन्हित स्थानों एवं मार्गों में संबंधित एसडीएम के मार्गदर्शन में सतत रूप से कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि रेत उत्खनन हेतु शासन द्वारा जो स्थान चिन्हित किए गए हैं उन अधिकृत स्थानों की नियमित जांच की जाए। बिना नम्बर एवं फर्जी नम्बर वाले वाहनों की ई-नाका के माध्यम से सूची प्राप्त कर जिला परिवहन अधिकारी को दी जाए। जिससे उन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही की जा सके। कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को पुलिस, खनिज, वन एवं राजस्व अधिकारियों के साथ औचक जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होने कहा कि अवैध उत्खनन एवं परिवहन से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़के डैमेज होती हैं। संबंधित एसडीएम पब्लिक न्यूसेंस के तहत प्रकरण दर्ज कराकर संबंधित वाहन मालिकों के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला खजिन अधिकारी द्वारा बताया गया कि 13 वाहन जप्त किए गए हैं। कलेक्टर ने इन वाहनों की लोकेशन लेकर परिवहन अधिकारी को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने हेतु आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही जिला स्तर से भी पेट्रोलिंग की जाएगी। आपने बुढ़ार जनपद पंचायत में अवैध रूप से संचालित कोयला खदानों को बंद करने की भी कार्यवाही के निर्देश दिए।
