शहर की बदहाल सड़कों पर श्री शर्मा ने जताई चिंता,प्रशासन से युद्धस्तर पर सड़क-नाली सुधार अभियान चलाने की मांग

कहा-अपना शहर, अपना घर’ समझकर करें विकास 


Junaid Khan - शहडोल। संभागीय मुख्यालय शहडोल में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान के जिला अध्यक्ष भागवत प्रसाद शर्मा ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने नगर एवं जिला प्रशासन से शहर की मौजूदा स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जनहित में तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। भागवत प्रसाद शर्मा ने कहा कि शहर की अधिकांश सड़कों की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है और बारिश के कारण स्थिति और भी विकट हो गई है। जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण आम नागरिकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं सहित दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इंदिरा चौक से बस स्टैंड मार्ग को प्राथमिकता देने की मांग उन्होंने कहा कि संभागीय मुख्यालय के महत्वपूर्ण मार्ग इंदिरा चौक से बस स्टैंड तक की सड़क की स्थिति बेहद खराब है। इस मार्ग का निर्माण कार्य प्रस्तावित है, ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया को युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए। यह मार्ग शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल है और यहां बड़ी संख्या में व्यापारी, राहगीर एवं स्थानीय नागरिक प्रतिदिन आवागमन करते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में अनावश्यक देरी से व्यापारियों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसलिए संबंधित विभाग इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा कराए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। बारिश ने बढ़ाई परेशानी भागवत प्रसाद शर्मा ने कहा कि बारिश के दौरान शहर की सड़कों की स्थिति और खराब हो गई है। कई स्थानों पर सड़क और नालियों की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी जमा हो जाता है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने नगर पालिका एवं जिला प्रशासन से मांग की कि शहर की सड़कों के साथ-साथ नालियों की भी व्यापक स्तर पर सफाई एवं मरम्मत कराई जाए, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारु हो सके। अपना शहर, अपना घर’ मानकर हो विकास वरिष्ठ अधिवक्ता भागवत प्रसाद शर्मा ने कहा कि प्रशासन को शहर की समस्याओं को केवल सामान्य शिकायत के रूप में नहीं लेना चाहिए, बल्कि इसे एक बड़े जनहित अभियान के रूप में लेकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी, नगर पालिका और जनप्रतिनिधि शहडोल को अपना शहर और अपना घर मानकर उसकी सड़कों, नालियों एवं सार्वजनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे शहर की बदहाल सड़कों की स्थिति पर अपना रुख स्पष्ट करें और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करें। शहर की सुंदरता, स्वच्छता और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। शहर की हालत देखकर शर्मिंदगी होती है’श्री शर्मा ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जब वे अपने घर से शहर की ओर आते-जाते हैं और सड़कों की बदहाली देखते हैं तो उन्हें बेहद शर्मिंदगी महसूस होती है। उन्होंने कहा कि संभागीय मुख्यालय होने के बावजूद यदि शहर की प्रमुख सड़कें ही बदहाल रहेंगी तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन, नगर पालिका एवं जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शहर के विकास और नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि सड़कों और नालियों की समस्या का स्थायी समाधान करते हुए शहडोल को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

Previous Post Next Post