रक्षाबंधन पर बांधवगढ़ में अनूठी पहल, महिला वनरक्षकों ने पेड़ों को बांधी राखी

पेड़ों को भाई मानकर की पूजा-अर्चना, पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण का दिया संदेश 


Junaid Khan - शहडोल। 28 अगस्त 2026- रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बाघों के लिए विश्वप्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया गया। वन विभाग की महिला वनरक्षकों ने जंगल में पेड़ों को भाई का स्वरूप मानते हुए उनकी कलाई पर राखी बांधी और आरती उतारकर पेड़ों, जंगल एवं वन्यजीवों की रक्षा का संकल्प लिया। महिला वनरक्षकों ने चयनित पेड़ों की विधिवत पूजा-अर्चना कर उन्हें राखी बांधी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रक्षाबंधन पर भाई अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेता है, उसी प्रकार प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना भी प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। पेड़ केवल वन क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने वाले नहीं, बल्कि वन्यजीवों के आश्रय, भोजन और प्राकृतिक आवास का प्रमुख आधार हैं। पेड़ सुरक्षित तो जंगल और वन्यजीव सुरक्षित। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व जैव विविधता से समृद्ध वन क्षेत्र है, जहां बाघ सहित अनेक वन्यजीवों का प्राकृतिक रहवास है। वन क्षेत्र की सुरक्षा के लिए पेड़-पौधों, जलस्रोतों और संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र का संरक्षण आवश्यक है। महिला वनरक्षकों ने पेड़ों को राखी बांधकर इसी संरक्षण भावना को भावनात्मक रूप से समाज के सामने रखा। इस दौरान वनरक्षकों ने जंगल एवं प्राकृतिक संपदा की सुरक्षा, अवैध कटाई सहित वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर निगरानी तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने दायित्व को दोहराया। त्योहार के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश। रक्षाबंधन के इस आयोजन की विशेषता यह रही कि पर्यावरण संरक्षण को केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि भावनात्मक रिश्ते के रूप में प्रस्तुत किया गया। पेड़ों को भाई मानकर राखी बांधने की पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मनुष्य और प्रकृति का रिश्ता केवल उपयोग का नहीं, बल्कि प्रेम, संवेदना और संरक्षण का भी है। बांधवगढ़ के जंगल में महिला वनरक्षकों की यह पहल वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली रही। आयोजन ने आमजन को प्रेरित किया कि वे भी अपने आसपास के पेड़-पौधों एवं प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें और प्रकृति के संरक्षण में सहभागी बनें।

Previous Post Next Post