शहडोल में 15 सितंबर को IFWJ के सदस्यता अभियान का शुभारंभ

जिले के पत्रकारों और ब्लॉक अध्यक्षों को किया गया आमंत्रित, संगठन की मजबूती पर रहेगा जोर 


Junaid Khan - शहडोल। IFWJ भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ की मध्यप्रदेश इकाई द्वारा वर्ष 2027 के सदस्यता अभियान का शुभारंभ शहडोल जिले में किया जाएगा। संगठन की ओर से जिले के समस्त ब्लॉक अध्यक्षों एवं पत्रकार साथियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता कर अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया गया है। सदस्यता अभियान का शुभारंभ 15 सितंबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे शासकीय सर्किट हाउस, शहडोल में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया जाएगा। कार्यक्रम में शहडोल शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पत्रकार साथियों एवं सभी ब्लॉक अध्यक्षों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। संगठन के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को एकजुट कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना तथा पत्रकार हितों और अधिकारों की लड़ाई को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना है। इस दौरान ब्लॉक स्तर पर सदस्यता अभियान को गति देने तथा अधिक से अधिक पत्रकार साथियों को संगठन से जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी। अभियान IFWJ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश भार्गव एवं प्रांताध्यक्ष उपेंद्र गौतम के निर्देशन में तथा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण वैष्णव, राधाकृष्ण सिंघल एवं संगठन प्रभारी राहुल सिंह राणा के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। वहीं प्रदेश महासचिव रामगोपाल बंसल, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अरविंद द्विवेदी, प्रदेश सचिव जुनैद खान, संभागीय अध्यक्ष विजय उर्मालिया एवं महासचिव अखिलेश मिश्रा की देखरेख में अभियान को गति दी जा रही है। शहडोल जिला इकाई में जिलाध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी की अध्यक्षता तथा महासचिव अजय कुमार पाल एवं जिला सदस्यता प्रभारी अजय केवट के नेतृत्व में सदस्यता अभियान को व्यापक रूप देने की तैयारी की गई है। संगठन पदाधिकारियों ने पत्रकार साथियों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए संगठन को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें। कार्यक्रम का संदेश “एक मंच, एक आवाज, एकजुट पत्रकार समाज” के संकल्प के साथ पत्रकार हितों की लड़ाई को मजबूती प्रदान करना है।

Previous Post Next Post