सेवा संकल्प अभियान,25 वर्षों के सेवा, सुशासन और जन-विकास की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा

सेवा संकल्प अभियान,25 वर्षों के सेवा, सुशासन और जन-विकास की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा


Junaid Khan - शहडोल। भारतीय जनता पार्टी जिला शहडोल द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक माह का विशाल ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। रविवार को ‘अटल निलय’ जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सीधी लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री के 25 वर्षों का सेवा काल पूर्ण हो रहा है। प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले 'सेवा पखवाड़ा' को इस बार ऐतिहासिक बनाते हुए पूरे एक माह तक जनसेवा और समर्पण के विभिन्न कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत जैसे विशाल लोकतंत्र में 25 वर्षों तक लगातार जनता का अटूट विश्वास प्राप्त कर सेवा करना लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। पत्रकार वार्ता में मुख्य वक्ता सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा, जिला मीडिया प्रभारी विनय केवट (संचालक) और सह मीडिया प्रभारी अरुण द्विवेदी उपस्थित रहे, जबकि आभार प्रदर्शन जिला अध्यक्ष अमिता चपरा ने किया।

गरीब कल्याण,आर्थिक मजबूती और सुदृढ़ सुरक्षा से बदला देश का परिदृश्य

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, 4.5 करोड़ परिवारों को पीएम आवास, 12 करोड़ से अधिक शौचालय और 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया है। कोरोना काल में 200 करोड़ से अधिक निःशुल्क टीके देना ऐतिहासिक उपलब्धि रही। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में निराशा और आर्थिक ठहराव का माहौल था, लेकिन आज भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की साख बढ़ी है और 140 करोड़ देशवासियों का मान बढ़ा है। इसके साथ ही आतंकवाद पर प्रभावी कार्रवाई और मध्यप्रदेश सहित पूरे देश में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है।

रक्तदान, 'आशीर्वाद का दीपक' और नुक्कड़ नाटकों से गांव-गांव जुड़ेगी जनभागीदारी

अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर युवा मोर्चा द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा और उसी शाम 7 बजे शहडोल जिले के प्रत्येक बूथ के हर घर में ‘आशीर्वाद का दीपक’ प्रज्वलित होगा। भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा ने बताया कि संगठन स्तर पर प्रत्येक बूथ और परिवार की सहभागिता के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके अतिरिक्त 'नमो सेवा अनकही कहानियां' के तहत 15 से 20 मिनट के संगीतमय नाट्य व नुक्कड़ नाटकों के जरिए स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों व सामुदायिक केंद्रों में पीएम के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। 2 अक्टूबर को विशेष आयोजनों के साथ-साथ 'आंगन मिलन सेवा', 'वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा', 'सेवा सेतु' और 'सुशासन सेवा संवाद' जैसे कार्यक्रमों के जरिए समाज के हर वर्ग तक सेवा और विकसित भारत का संकल्प पहुंचाया जाएगा।

Previous Post Next Post