किताब वितरण की कार्यवाही तीन दिवसों में पूर्ण कराएं- कमिश्नर
Junaid Khan - शहडोल। 01 सितंबर 2026 कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने शहडोल संभाग में स्कूलों में प्रवेश से वंचित छात्र-छात्राओं को आगामी 03 दिवसों में प्रवेश दिलाने के निर्देश शहडोल संभाग के सभी शिक्षा अधिकारियों, खण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं स्कूलों के प्राचार्यों को दिए हैं। कमिश्नर ने कहा है कि चालू शिक्षा सत्र में काफी समय व्यतीत होने के बावजूद स्कूलों में शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिलना अत्यंत ही खेदजनक स्थिति है। कमिश्नर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्कूल में छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिलाने के कार्य को शिक्षा विभाग के अधिकारी सर्वोच्च प्राथमिकता से लें तथा आगामी 03 दिवसों में शत-प्रतिशत छात्रों को स्कूलों में प्रवेश दिलाएं। कमिश्नर ने ब्यौहारी, जयसिंहनगर, सोहागपुर, पाली, करकेली विकासखण्डों में प्रवेश की स्थिति खराब होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है तथा अधिकारियों को ताकीद किया है कि वे इस कार्य को 03 दिवसों में पूर्ण कराएं, अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। कमिश्नर ने उक्त निर्देश आज शिक्षा विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए। बैठक में छात्र-छात्राओं को निःशुल्क किताब वितरण कार्य की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि शहडोल संभाग के जैतहरी, कोतमा, करकेली, मानपुर में किताब वितरण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। कमिश्नर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लें और छात्र-छात्राओं को आगामी 03 दिवसों में किताबों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कराएं। बैठक में कमिश्नर ने समेकित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम 2026-27 की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान शहडोल संभाग के शासकीय शाला अमझोर, झींक बिजुरी एवं धनपुरी शालाओं में छात्रवृत्ति स्वीकृति नगण्य पाए जाने पर कमिश्नर ने संयुक्त संचालक शिक्षा को निर्देश दिए कि वे उक्त विद्यालयों के प्राचार्यों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रेषित करें, ताकि उक्त शालाओं के प्राचार्यों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने संभाग के जिन शिक्षा अधिकारियों ने छात्रवृत्ति स्वीकृति में उदासीनता बरती है, उनकी वेतन वृद्धियां रोकने के लिए उन्हें नोटिस जारी करें। बैठक में कमिश्नर ने शहडोल संभाग के शासकीय छात्रावासों में नामांकन एवं प्रवेश की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने अनूपपुर जिले के छात्रावासों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में छात्र-छात्राओं के अपार आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान संयुक्त संचालक शिक्षा ने बताया कि शहडोल संभाग में अपार आईडी निर्माण का कार्य 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। समीक्षा के दौरान मानपुर, करकेली एवं जयसिंहनगर विकासखण्ड में अपार आईडी निर्माण के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा निर्देशित किया गया कि इस कार्य को तेजी से पूर्ण किया जाए। समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने सभी शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संभाग के क्षतिग्रस्त और जर्जर स्कूल भवनों में स्कूल संचालित नहीं करें। बैठक में कमिश्नर ने परीक्षा परिणामों की जिलेवार समीक्षा करते हुए कहा कि संभाग की सभी शालाओं में छात्र-छात्राओं को उच्च गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा मुहैया होना चाहिए। स्कूलों के सभी छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हों, इसके लिए सभी शालाओं के प्राचार्य और शिक्षा अधिकारी कार्य योजना बनाएं और उस पर कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं उच्च अंक लेकर परीक्षाएं उत्तीर्ण करें, इसके प्रयास शहडोल संभाग की सभी शालाओं में होना चाहिए। बैठक में कमिश्नर ने स्कूली छात्र-छात्राओं को गणवेश वितरण की भी जिलेवार समीक्षा की। बैठक में संयुक्त संचालक शिक्षा श्री उमेश धुर्वे, उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री जेपी यादव, शहडोल संभाग के सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
