सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहपारू का क्षेत्रीय संचालक ने किया निरीक्षण

स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश 


Junaid Khan - शहडोल। 09 सितंबर 2026 शहडोल एवं रीवा संभाग के क्षेत्रीय संचालक, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा डॉ. जी.एस. परिहार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहपारू का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय संचालक ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में नियमित रूप से साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। डॉ. परिहार ने कहा कि मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में एनीमिया की जांच नियमित रूप से कराने, मौसमी बीमारियों को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा गर्भवती माताओं की विशेष जांच एवं देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की तथा संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय संचालक ने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों से चर्चा कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

Previous Post Next Post