खबर का असर,रसमोहनी में शराब पीकर पहुंचे पटवारी ज्ञान सिंह मार्को निलंबित

दैनिक प्रदेश सत्ता और JK न्यूज़ की खबर के बाद जैतपुर एसडीएम की सख्त कार्रवाई, तहसीलदार की जांच में आरोप सिद्ध

प्रशासन की छवि धूमिल करने वाले शराबी पटवारी पर गिरी गाज,एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित


Junaid Khan - शहडोल। जैतपुर रसमोहनी। मध्य प्रदेश में शासकीय तंत्र और प्रशासनिक व्यवस्था को ताक पर रखकर मनमानी करने वाले भ्रष्ट व गैर-जिम्मेदार कर्मचारियों पर गाज गिरना शुरू हो गई है। ग्राम पंचायत रसमोहनी परिसर में शराब के नशे में धुत होकर शासकीय दायित्वों की धज्जियां उड़ाने वाले पटवारी ज्ञान सिंह मार्को को अंततः निलंबित कर दिया गया है। हमारे लोकप्रिय समाचार पत्र दैनिक प्रदेश सत्ता। और JK न्यूज़ (सोशल मीडिया) में इस मामले को प्रमुखता से उजागर किए जाने के बाद जागे प्रशासनिक अमले ने यह कड़ी कार्रवाई की है। जैतपुर एसडीएम ने जनहित और प्रशासनिक अनुशासन को प्राथमिकता देते हुए पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है और कड़ा संदेश गया है कि जनता के काम में लापरवाही और पद की गरिमा गिराने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।

जांच में खुली पटवारी की पोल,अपनी गलती स्वीकार करने के अलावा नहीं बचा कोई रास्ता

पूरा मामला 25 अगस्त 2026 का है, जब पटवारी ज्ञान सिंह मार्को अत्यधिक शराब का सेवन करके रसमोहनी ग्राम पंचायत परिसर पहुंचे थे। शिविर के दौरान शराब के नशे में धुत पटवारी ने न केवल शासकीय कार्यों में घोर लापरवाही बरती, बल्कि ग्रामीणों व किसानों के साथ अभद्रता भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार जैतपुर ने स्वयं इस पूरे घटनाक्रम की जांच की। जांच के दौरान जब संबंधित पटवारी के बयान दर्ज किए गए, तो साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के आगे आरोपी पटवारी अपनी सफाई में कुछ न कह सका और उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली। नियमों के विपरीत और सेवा शर्तों के घोर उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर एसडीएम ने निलंबन का आदेश जारी कर दिया।

तहसील मुख्यालय अटैच, बोकरामार हल्का का प्रभार सुरेश धुर्वे को सौंपा गया

एसडीएम द्वारा जारी निलंबन आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान पटवारी ज्ञान सिंह मार्को का मुख्यालय तहसील कार्यालय जैतपुर निर्धारित किया गया है। वहीं, आम जनता और किसानों के राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए बोकरामार हल्का का अतिरिक्त प्रभार पटवारी सुरेश धुर्वे को सौंपा गया है। इसके अलावा, ज्ञान सिंह मार्को के विरुद्ध विधिवत आरोप पत्र तैयार कर आगे की कठोर विभागीय कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र की जनता ने दैनिक प्रदेश सत्ता और JK न्यूज़ की खोजी पत्रकारिता की सराहना करते हुए त्वरित कार्रवाई करने वाले अधिकारियों का आभार जताया है।

Previous Post Next Post