जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकारों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रोपे पौधे

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकारों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रोपे पौधे





Junaid Khan - शहडोल। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत मध्य प्रदेश शासन के वन विभाग और पत्रकारों के प्रमुख संगठन सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब शहडोल द्वारा संयुक्त रूप से मंगलवार को पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वन अधिकारियों और पत्रकारों ने औषधि तथा फलदार पौधों का रोपण किया। वन परिक्षेत्र शहडोल अंतर्गत निपनिया बीट में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद शहडोल के अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल रहे और अध्यक्षता वनमंडलाधिकारी दक्षिण सुश्री श्रद्धा पंद्रे ने की। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, रेलवे श्रमिक यूनियन के नेता व समाजसेवी ए के मोहंती, ज्ञानोदय स्कूल के संचालक व समाजसेवी अजय सिंह और उप वन मंडलाधिकारी सोहागपुर संतोष कुमार शुक्ला मंचासीन रहे।

पौधे हमारी धरोहर हैं

इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल ने कहा कि पौधे हमारी धरोहर हैं और पौधारोपण करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यही पेड़ आने वाले समय में हमें खुशहाल और स्वस्थ रखेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष श्री जायसवाल ने पत्रकारों द्वारा पौधा रोपण जाने किए जाने सराहना करते हुए अन्य लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि जो जहां भी रहे वहां एक पेड़ जरूर लगाए और उसकी सुरक्षा का संकल्प भी ले।

वन्य प्राणी और मानव द्वंद्व को कम करने में जंगल की अहम भूमिका 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंडलाधिकारी दक्षिण सुश्री श्रद्धा पंद्रे ने कहा कि यहां जो पौधों का जंगल है, उसकी वन्य प्राणी और मानव द्वंद्व को कम करने में अहम भूमिका है। उन्होंने यह भी बताया कि यह जंगल चार टाइगर रिजर्व का कॉरिडोर बनाता है, जिसमें छत्तीसगढ़ का अचानक मार, कान्हा टाइगर रिजर्व, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और संजय गांधी टाइगर रिजर्व शामिल है। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से विकास हो रहा है उसके चलते पेड़ की संख्या कम हो रही है और पौधारोपण ही इसका एकमात्र विकल्प है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यहां जो भी पौधे लगाए जा रहे हैं उसकी पूरी सुरक्षा रहेगी। 

पर्यावरण का संरक्षण जरूरी 

भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि पत्रकारों द्वारा पर्यावरण सुरक्षित करने को लेकर जो आज पौधारोपण किया जा रहा है वह प्रशंसनीय है। श्री गुप्ता ने कहा कि जिस स्थान पर यह पौधारोपण हो रहा है उसको देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि पौधारोपण का उद्देश्य जरुर सफल होगा। उन्होंने कहा कि जब पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो हमारा स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहेगा।

सामाजिक सरोकारों से जुड़ा है संगठन 

सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब शहडोल के जिला अध्यक्ष मोहम्मद सईद ने उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब सामाजिक सरोकारों से जुड़कर कार्य करने वाला संगठन है उन्होंने बताया कि पौधरोपण कार्यक्रम इसी का एक हिस्सा है।

यह पौधे रोपे गए 

इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वन अधिकारियों और पत्रकारों ने नीम, सीताफल, आम, सिंदूर, आमला और बहेड़ा सहित बड़ी संख्या में औषधि तथा फलदार पौधों का रोपण किया।

यह भी रहे उपस्थित

पौधारोपण कार्यक्रम में सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब के मोहम्मद सईद (पीटीआई-भाषा), संतोष चौबे (ब्यूरो प्रमुख सच एक्सप्रेस भोपाल), हुसैन अली (सहायक संपादक दैनिक समय), मृगेंद्र पाठक(ब्यूरो प्रमुख दैनिक उमरिया खबर), गंगाधर चौधरी(ब्यूरो प्रमुख दैनिक क्राइम दर्पण), मोहम्मद इस्लाम खान( ब्यूरो प्रमुख दैनिक प्रथम मंच), नमो नमो मोर्चा के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र साहू, वन परिक्षेत्र अधिकारी शहडोल विनायक कुमार गौतम, डिप्टी रेंजर और बीट गार्ड प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post