पीएम मोदी ने जिसे बताया था ‘मिनी ब्राजील’आज उसी विचारपुर के फुटबॉल मैदान की हालत बदहाल-शेख आबिद
Junaid Khan - शहडोल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में शहडोल के विचारपुर गांव का जिक्र करते हुए इसे ‘मिनी ब्राजील’ बताया था। विचारपुर में बच्चे से लेकर बड़े तक फुटबॉल खेलते हैं और फुटबॉल यहां की खास पहचान बन चुकी है। लेकिन आज इसी ‘मिनी ब्राजील’ के फुटबॉल मैदान की बदहाल तस्वीर सामने आ रही है। मैदान की हालत खराब है और यहां मवेशी बैठे और घूमते नजर आते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मैदान में कुछ लोग शराब का सेवन भी करते हैं। शराब की बोतलें मैदान में ही फोड़कर छोड़ दी जाती हैं, जिसके कारण कांच के टुकड़ों से खिलाड़ियों के घायल होने का खतरा बना रहता है। जिस मैदान पर बच्चे और युवा फुटबॉल खेलकर अपने भविष्य का सपना देखते हैं, अगर वहीं शराब की बोतलों के टूटे कांच पड़े हों तो खिलाड़ियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। मिनी ब्राजील’ के खिलाड़ियों के लिए मैदान कब सुधरेगा? विचारपुर के बच्चों और युवाओं में आज भी फुटबॉल को लेकर जबरदस्त जुनून है। प्रधानमंत्री द्वारा विचारपुर को ‘मिनी ब्राजील’ कहे जाने के बाद इस गांव की फुटबॉल प्रतिभा को देशभर में पहचान मिली। लेकिन सवाल यह है कि जिस गांव की फुटबॉल प्रतिभा की चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में की, उसी गांव के खिलाड़ियों को आज एक सुरक्षित और बेहतर फुटबॉल मैदान क्यों नहीं मिल पा रहा है? स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों की मांग है कि मैदान का समतलीकरण और मरम्मत कराई जाए, नियमित सफाई हो, बाउंड्री बनाई जाए और मैदान में शराब सेवन जैसी गतिविधियों पर रोक लगाई जाए। प्रशासन से सवाल। क्या प्रशासन ‘मिनी ब्राजील’ के इस फुटबॉल मैदान की सुध लेगा? क्या मैदान से कांच की बोतलों और अन्य कचरे को हटाकर इसे बच्चों के लिए सुरक्षित बनाया जाएगा? क्या विचारपुर के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी? इस पूरे मुद्दे को युवा कांग्रेस महासचिव, शहडोल शेख आबिद ने उठाते हुए प्रशासन से विचारपुर के फुटबॉल मैदान की बदहाली दूर कराने और खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की मांग की है। शेख आबिद युवा कांग्रेस महासचिव, शहडोल।
