राधनी सिंह ने 5 और चाँदनी यादव ने 2 गोल दागे, पदाधिकारियों ने दी टीम को बधाई
Junaid Khan - शहडोल। महू, इंदौर में आयोजित ओपन इंटर-डिस्ट्रिक्ट जूनियर गर्ल्स फुटबॉल टूर्नामेंट में शहडोल की बेटियों ने शानदार आगाज किया है। प्रतियोगिता के अपने पहले मुकाबले में शहडोल की टीम ने ग्वालियर को 10-0 से करारी शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की। शहडोल की टीम में धनगवां , हर्री, धुरवार, जलदिटोला और बिचारपुर स्थित पांच फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्रों की प्रतिभावान खिलाड़ी शामिल हैं। ग्वालियर के खिलाफ मुकाबले में राधनी सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 गोल दागे, जबकि चाँदनी यादव ने 2 गोल किए। टीम की अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 गोल किए और शहडोल ने मुकाबला 10-0 से अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता मध्य प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन (MPFA) एवं ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मध्य प्रदेश राज्य टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी सितंबर के अंतिम सप्ताह में नारायणपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। शहडोल की टीम की शानदार जीत की जानकारी मिलते ही जिला फुटबॉल संघ के पदाधिकारियों एवं रिलायंस सीबीएम प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने खिलाड़ियों और कोचिंग टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए आगामी मुकाबलों के लिए भी शुभकामनाएं दीं। टीम की इस उपलब्धि पर जिला फुटबॉल संघ की संरक्षक एवं जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह, अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छावड़ा, कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद जकरिया, सचिव रईस अहमद, उपाध्यक्ष अजय विजरा, शमीम खान एवं बालाकृष्ण बंगारी, कोषाध्यक्ष अनिल सिंह, तथा रिलायंस सीबीएम प्रोजेक्ट के सीएसआर हेड राजीव श्रीवास्तव, खेल समन्वयक अश्वनी शर्मा, डॉ समीम ख़ान ,डीएफए उपाध्यक्ष एस.आर. मोहंती, फुटबॉल कोच शंकर दाहिया एवं लक्ष्मी सहिस ने टीम को बधाई दी। शहडोल में रिलायंस फाउंडेशन द्वारा संचालित फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियों को नियमित प्रशिक्षण और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। महू में मिली 10-0 की शानदार जीत इस पहल की सफलता और शहडोल की उभरती महिला फुटबॉल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब सभी की निगाहें प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों और मध्य प्रदेश राज्य टीम में शहडोल की बेटियों के चयन पर टिकी हैं।
