श्री कश्यप ऋषि जयंती समारोह का भव्य आयोजन संपन्न

श्री कश्यप ऋषि जयंती समारोह का भव्य आयोजन संपन्न


Junaid Khan - शहडोल। आज दिनांक 15 सितंबर 2026 को शहडोल में कसौधन वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष श्री अशोक कुमार गुप्ता (रामू भैय्या) एवं उनकी पूरी टीम के अथक प्रयासों से समाज की दोनों इकाइयों को एकजुट करते हुए संयुक्त रूप से श्री कश्यप ऋषि भगवान की जयंती का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारीगण, संरक्षक, वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा टीम एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गणेश वंदना एवं महिला मंडल द्वारा स्वागत गीत के साथ हुआ। इसके पश्चात बच्चों एवं युवाओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन को आनंदमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों, संरक्षकों, वरिष्ठजनों एवं वृद्ध माताओं का सम्मान किया गया। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन एवं मनोबल बढ़ाया गया। कार्यक्रम के पश्चात सभी समाजबंधुओं ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। इसके उपरांत भव्य वाहन रैली निकाली गई, जो कार्यक्रम स्थल से प्रारंभ होकर पुराना गांधी चौक, पंचायती मंदिर, न्यू गांधी चौक, जयस्तंभ चौक, बुढार चौक एवं लल्लू सिंह तिराहा होते हुए पुनः होटल शुभम पैलेस पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। आज का यह आयोजन समाज की एकता, संगठन, संस्कार एवं सामाजिक समरसता का सुंदर उदाहरण बना। दोनों इकाइयों का एक मंच पर आकर संयुक्त रूप से जयंती मनाना निश्चित रूप से समाज के लिए एक ऐतिहासिक एवं सराहनीय कदम है। श्री कश्यप ऋषि भगवान की जय। कसौधन वैश्य समाज की एकता अमर रहे। सादर जय श्रीमन्नारायण।

Previous Post Next Post