जनसुनवाई में बड़ा खुलासा,स्वतंत्रता सेनानी की 12 एकड़ जमीन पर फर्जीवाड़े का खेल,कमिश्नर के कड़े रुख के बाद SDM ने दिया स्टे ऑर्डर
Junaid Khan - शहडोल। संभाग में प्रशासनिक महकमे की सजगता और दबंग भू-माफियाओं पर नकेल कसने की बड़ी खबर सामने आई है।संभाग आयुक्त कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान शहडोल संभाग की कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने आम जनता की शिकायतों को बेहद संवेदनशीलता और सख्ती से सुना। जनसुनवाई में उस वक्त हड़कंप मच गया जब गोहपारू तहसील के ग्राम दियापीपर का एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया। स्वतंत्रता सेनानी स्व. नासिर अली को शासन द्वारा व्यवस्थापन के तहत प्रदान की गई 12 एकड़ बेशकीमती भूमि पर दबंगों द्वारा कूटरचित व फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध नामांतरण कराने और जमीन हड़पने की शिकायत आवेदक इकराम अली एवं अलीमुन्निसा ने दर्ज कराई। पीड़ितों का आरोप था कि वास्तविक वारिसों के अधिकारों की अनदेखी कर राजस्व अभिलेखों में कूटरचित प्रविष्टियां कराई गईं और एसडीएम व तहसीलदार न्यायालय में मामले लंबित रहने के बावजूद न्याय में देरी हो रही थी। मामले की गंभीरता को तत्काल भांपते हुए कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने बिना किसी देरी के सख्त रवैया अपनाया और अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) जयसिंहनगर को त्वरित निष्पक्ष जांच व वैधानिक कार्यवाही के कड़े निर्देश जारी किए। कमिश्नर के इस तल्ख निर्देश का असर तुरंत देखने को मिला। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जयसिंहनगर ने तत्परता दिखाते हुए प्रकरण क्र. /अ-6/2026-27 (इकराम अली बनाम रमेश सिंह व अन्य) में धारा 52 के तहत विचारधीन अपील पर संज्ञान लिया और दियापीपर स्थित प्रश्नाधीन भूमि (आराजी नं. 10/2 रकबा 12 एकड़) पर यथास्थिति (स्थगन आदेश) बनाए रखने का सख्त हुक्म जारी कर दिया। एसडीएम न्यायालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि अपील लंबित रहने के दौरान रेस्पोंडेंट द्वारा जमीन का अन्य पक्षकारों के नाम विक्रय पत्र निष्पादित कर कब्जा कराने का प्रयास किया जा रहा था, जिससे पीड़ितों के अधिकारों पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता। इस त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से भू-माफियाओं के मंसूबों पर पानी फिर गया है और पीड़ितों को न्याय की बड़ी उम्मीद जगी है।
अन्य जनसमस्याओं पर भी कमिश्नर का कड़ा रुख,जांच के दिए गए सख्त निर्देश
जनसुनवाई के दौरान केवल भू-माफिया का मामला ही नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास और जन-सुविधाओं से जुड़ी कई अन्य प्रमुख शिकायतें भी कमिश्नर के समक्ष आईं। सोहागपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत चांपा के उपसरपंच ने सरपंच द्वारा बिना ग्रामसभा का प्रस्ताव पारित किए गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य कराने और वित्तीय अनियमितताओं का गंभीर आरोप लगाया। इस पर कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने संयुक्त आयुक्त विकास को मौके की निष्पक्ष जांच कर त्वरित प्रतिवेदन सौंपने के निर्देश दिए। वहीं, घुरौली मोहल्ला निवासी सेवानिवृत्त कोलरी कर्मचारी हरीश कुमार मिश्रा के नाम पर आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल कर फर्जी बैंक लोन निकालने व 5 लाख रुपये की ठगी के मामले में कमिश्नर ने पुलिस अधीक्षक शहडोल को जांच कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा रसमोहनी (जैतपुर) निवासी किसान संतोष शर्मा की बंद पड़ी 3 एच.पी. मोटर और बिजली बिल में गड़बड़ी की शिकायत पर अधीक्षण यंत्री बिजली मंडल को तत्काल पोल-लाइन मरम्मत कर राहत देने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में संयुक्त आयुक्त विकास श्री मुद्रिका सिंह, उपायुक्त श्रीमती प्रेरणा सिंह सहित कई आला अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का संकल्प दोहराया।
