जिला पंचायत मे बजट आवंटन का आधार क्या रहा और सभी जिला पंचायत सदस्यों को समान अवसर क्यों नहीं दिया गया-अजय अवस्थी
Junaid Khan - शहडोल। जिला पंचायत शहडोल में लगभग सात करोड़ रुपये के बजट आवंटन को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सवाल उठाए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने आरोप लगाया है कि जिला पंचायत के बजट आवंटन में कांग्रेस समर्थित एवं आदिवासी जिला पंचायत सदस्यों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया गया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ बजट आवंटन में किसी भी प्रकार का पक्षपात लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनहित की भावना के अनुरूप नहीं है। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों के विकास और जनता की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए समान रूप से कार्य करने का अवसर मिलना चाहिए। लेकिन यदि बजट आवंटन में राजनीतिक अथवा अन्य किसी आधार पर जनप्रतिनिधियों के साथ असमान व्यवहार किया जाता है, तो इससे संबंधित क्षेत्रों के विकास कार्य सीधे तौर पर प्रभावित होंगे और जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी बाहुल्य शहडोल जिले में आदिवासी जिला पंचायत सदस्यों के साथ बजट आवंटन में किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि विकास के लिए आवंटित बजट का वितरण पारदर्शी, निष्पक्ष और समान अवसर के सिद्धांत पर होना चाहिए। प्रत्येक जिला पंचायत सदस्य को अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराने का समान अधिकार मिलना चाहिए। अजय अवस्थी ने प्रशासन से मांग की कि जिला पंचायत में किए गए बजट आवंटन की निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए तथा यदि किसी भी सदस्य के साथ असमानता अथवा भेदभाव हुआ है तो उसे तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि बजट आवंटन का आधार क्या रहा और सभी जिला पंचायत सदस्यों को समान अवसर क्यों नहीं दिया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस जनप्रतिनिधियों के अधिकारों और क्षेत्र की जनता के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि प्रशासन द्वारा इस मामले में शीघ्र उचित निर्णय नहीं लिया जाता है और बजट आवंटन में हुई कथित असमानता को दूर नहीं किया जाता, तो जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल उपेक्षित एवं प्रभावित जिला पंचायत सदस्यों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन से जवाब मांगेगी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य किसी व्यक्ति अथवा संस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि निष्पक्षता, पारदर्शिता और सभी क्षेत्रों के समान विकास को सुनिश्चित कराना है। जिले के प्रत्येक क्षेत्र की जनता को विकास का समान अधिकार है और विकास कार्यों के लिए उपलब्ध बजट का लाभ भी बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों तक पहुंचना चाहिए। उक्त जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने प्रदान की। इस दौरान जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी,पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष श्रीनिवास शर्मा,जिला उपाध्यक्ष अनुज मिश्रा,राजेश बैगा,लालबाबू, वाई पी यादव, अनिकेश सिंह,त्रिभुवन त्रिपाठी आदि कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
