गोहपारू महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर NSUI ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
Junaid Khan - शहडोल। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) जिला शहडोल द्वारा जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी के नेतृत्व में गोहपारू महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं एवं मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर महाविद्यालय के प्राचार्य को मांग पत्र सौंपा गया। NSUI जिला अध्यक्ष सौरभ तिवारी ने छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों का शीघ्र निराकरण किए जाने की मांग की। NSUI द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में विद्यार्थियों के आने-जाने के लिए उचित एवं सुगम रास्ते की व्यवस्था करने, Chemistry विषय के शिक्षक की शीघ्र नियुक्ति/व्यवस्था करने, लैब की समस्याओं को दूर कर आवश्यक उपकरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नियमित प्रैक्टिकल कराए जाने की मांग की गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए खेल मैदान एवं आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने, सभी विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित कराने तथा शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।
NSUI ने महाविद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता की उचित व्यवस्था करने तथा पाँच विषय का कोर्स प्रारंभ कराने की मांग की है।
NSUI जिला अध्यक्ष सौरभ तिवारी ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना महाविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। छात्र-छात्राओं की समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर NSUI द्वारा छात्रहित में आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी। आज के कार्यक्रम में प्रमुख रूप से एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी, सोशल मीडिया प्रमुख महेंद्र यादव, आशु सिंह, आयुष गुप्ता मोहम्मद इजराइल, नईम सहित काफी संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
