समाज सेवा के प्रेरणास्रोत प्रदीप श्रीवास्तव का निधन, शहडोल में शोक की लहर
Junaid Khan - शहडोल। समाज सेवा और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी श्री प्रदीप श्रीवास्तव का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे शहडोल जिले और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर फैल गई है। श्री प्रदीप श्रीवास्तव ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा समाज सेवा और संगठन के कार्यों को समर्पित किया। वे पूर्व में विभाग संघ चालक के महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन कर चुके थे। इस पद पर रहते हुए उन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ अनेक लोगों को मार्गदर्शन दिया। उनका व्यक्तित्व अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव का प्रतीक था। उनके संपर्क में आने वाला हर व्यक्ति उनके सरल स्वभाव और सकारात्मक सोच से प्रभावित होता था। वे हमेशा समाज के हर वर्ग के लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उनके जाने से समाज ने एक ऐसा मार्गदर्शक खो दिया है, जिसकी भरपाई करना कठिन होगा। सामाजिक, धार्मिक और संगठनात्मक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है। अंतिम संस्कार की जानकारी: दिवंगत श्री प्रदीप श्रीवास्तव जी का अंतिम संस्कार 3 अप्रेल को प्रातः 10:00 बजे शांति धाम, बुढार रोड में किया जाएगा।
