शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास-विधायक
Junaid Khan - शहडोल। 29 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत व्यौहारी में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक श्री शरद कोल की उपस्थिति में आमजन की समस्याओं की सुनवाई कर उनका निराकरण किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल, पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नागरिकों से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 155 शिकायतों एवं आवेदनों का निराकरण किया गया। अधिकारियों द्वारा आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई। कजलियां पर्व की शुभकामनाएं देते हुए समस्याओं के निराकरण के निर्देश सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने क्षेत्रवासियों को कजलियां पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की छोटी-छोटी समस्याओं को भी गंभीरता से लेते हुए उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिविरों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान किया जाए। विधायक श्री शरद कोल ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं को विस्तारित करते हुए आमजन की छोटी-छोटी समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ उनकी स्थानीय समस्याओं का भी संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।
अधिकारियों ने मौके पर की सुनवाई शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, खाद्य, स्वास्थ्य, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, पुलिस सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं एवं आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करें तथा जिन प्रकरणों का मौके पर निराकरण संभव नहीं है, उनका भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण कर आवेदकों को अवगत कराया जाए। साथ ही शान द्वारा संचालित जनहित कारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया। इस अवसर पुलिस अधीक्षक श्री संजय अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री अर्चना मिश्रा, अध्यक्ष नगर पालिका श्री राजन गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

