इंसानियत की अनूठी मिसाल,ईद मिलादुन्नबी पर शहडोल में ऐतिहासिक महा रक्तदान शिविर का आगाज

संयुक्त मुस्लिम समाज का सामाजिक सद्भाव और मानव सेवा का बड़ा संकल्प, 30 अगस्त से महीने भर चलेगा अभियान, 786 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य 


Junaid Khan - शहडोल। पैगंबर-ए-इस्लाम के यौम-ए-पैदाइश ईद मिलादुन्नबी के मुकद्दस मौके पर संभागीय मुख्यालय शहडोल में कौमी एकता, भाईचारे और बेमिसाल मानव सेवा की एक नई इबारत लिखी जा रही है। संयुक्त मुस्लिम समाज शहडोल के तत्वावधान में 30 अगस्त 2026 से एक ऐतिहासिक महा रक्तदान शिविर का आगाज मौलाना आजाद स्कूल, पाली रोड सोहागपुर से होने जा रहा है। पूरे एक माह तक चलने वाले इस जन-कल्याणकारी अभियान के तहत संगठन ने 786 यूनिट रक्त संग्रह करने का अभूतपूर्व लक्ष्य निर्धारित किया है। संभागीय मुख्यालय से लेकर जिले के दूर-दराज के अंचलों तक आयोजित होने वाले इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हर जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। इस पुनीत और संजीदा पहल की सराहना करते हुए स्थानीय जिला प्रशासन, पुलिस महकमे और स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने भी इसे सामाजिक समरसता और जीवन रक्षा की दिशा में एक अनुकरणीय कदम बताया है। प्रशासनिक तंत्र ने आयोजकों के इस जज्बे को सलाम करते हुए अभियान में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है, ताकि रक्त के अभाव में किसी भी नागरिक की सांसें न थमें। इस वृहद अभियान को सफल बनाने के लिए आयोजकों और जागरूक नागरिकों की ओर से समाजसेवियों, ऊर्जावान युवाओं और आम जनमानस से दल-गत व धर्म-गत सीमाओं से ऊपर उठकर बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की पुरजोर अपील की गई है। आयोजन समिति का स्पष्ट मानना है कि रक्त का कोई धर्म, मजहब या जाति नहीं होती धमनियों में बहता लाल खून सिर्फ और सिर्फ इंसानियत का पैगाम देता है। जिस प्रकार एक-एक बूंद रक्त किसी का खोता हुआ जीवन लौटा सकता है, ठीक उसी तरह यह निस्वार्थ सेवा समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव की जड़ों को मजबूत करती है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों और आम जनता ने संयुक्त मुस्लिम समाज की इस सोच और प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया है। 30 अगस्त से शुरू हो रहे इस 30 दिवसीय महा-अभियान को लेकर पूरे जिले के युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है, और उम्मीद जताई जा रही है कि जनता की यह सक्रिय भागीदारी 786 यूनिट के लक्ष्य को पार कर एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।

Previous Post Next Post