सावधान रहें, सुरक्षित रहें,जलमग्न होने पर पुल-पुलियों को पार करने का न करें प्रयास-कलेक्टर

बाणसागर बांध से लगातार किया जा रहा जल प्रवाह 


Junaid Khan - शहडोल। 31 अगस्त 2026 जिले में लगातार हो रही बारिश को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने नागरिकों से सतर्कता बरतने और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो सकती है। नागरिक जलभराव वाले स्थानों की जानकारी रखें तथा नदी-नालों, पुल-पुलियों एवं निचले क्षेत्रों से उचित दूरी बनाए रखें। कलेक्टर ने अपील की है कि पुल-पुलियों के जलमग्न होने की स्थिति में उन्हें पार करने का प्रयास न करें। पानी का बहाव तेज होने पर किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं और सुरक्षित स्थान पर रहें। जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें। विशेष रूप से बच्चों एवं बुजुर्गों को ऐसे स्थानों से दूर रखें। नागरिक जलमग्न पुल-पुलियों, नदी-नालों अथवा तेज बहाव वाले स्थानों पर फोटो या सेल्फी लेने के लिए न जाएं। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने बताया कि जिले के देवलोंद में स्थित बाणसागर बांध में जलभराव की स्थिति एवं जलाशय की क्षमता को दृष्टिगत रखते हुए लगातार रेडियल गेट खोलकर जल प्रवाह किया जा रहा है। उन्होंने बाणसागर बांध के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक जल निकासी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से उचित दूरी बनाए रखें तथा अन्य लोगों को भी जलभराव की स्थिति की जानकारी दें। ऐसे स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें।

Previous Post Next Post